शादी से इनकार पर मौत: समस्तीपुर में स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, गांव में मची सनसनी
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के वैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैजिया गांव में सोमवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की एक छात्रा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।

फोन पर बात करते हुए जा रही थी स्कूल, तभी बरसा दीं गोलियां
मृतका की पहचान कैजिया गांव (वार्ड संख्या-14) निवासी उमेश ठाकुर की बेटी सोनम कुमारी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार सुबह सोनम स्कूल ड्रेस पहनकर मोबाइल पर बात करते हुए विद्यालय जा रही थी।
तभी घर से कुछ ही दूरी पर ‘मलंग स्थान’ के पास बाइक सवार अपराधियों ने उसे घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। छात्रा को 3 गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए।
शादी का दबाव और धमकी बनी हत्या की वजह?
इस खौफनाक हत्याकांड में परिजनों ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। परिजनों के अनुसार, घटना से ठीक एक दिन पहले सोनम ने घर में बताया था कि एक युवक उस पर शादी करने का लगातार दबाव बना रहा है।
पिता उमेश ठाकुर ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने धमकी दी थी कि अगर उसने शादी से इनकार किया तो वह उसे गोली मार देगा। पुलिस इस अहम सुराग को जांच के केंद्र में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने किया एसआईटी (SIT) का गठन
वारदात की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन कर वहां से फायरिंग के 4 खोखे बरामद किए हैं।
सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



