माता-पिता के साये से महरूम दो मासूमों के हाथ में किताबों की जगह बकरियों की रस्सी, समाजसेवी राजू सहनी की पहल पर हरकत में आया प्रशासन
उजियारपुर: उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भगवानपुर कमला पंचायत के वार्ड संख्या 12 में दो अनाथ मासूम बच्चों की दयनीय स्थिति सामने आई है। महज 6 से 9 वर्ष की उम्र के इन दोनों बच्चों—उषा और मुनीला—के सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है। पढ़ने-लिखने की उम्र में ये मासूम स्कूल जाने के बजाय बकरियां चराने को मजबूर हैं।

सोशल मीडिया के माध्यम से मामला संज्ञान में आने के बाद समाजसेवी राजू सहनी ने इन बच्चों की मदद के लिए पहल की है, जिसके बाद अब प्रशासनिक स्तर पर सहायता की उम्मीद जगी है।
बीमारी ने छीना माता-पिता का साया, फुआ कर रहीं देखरेख
बच्चों की देखरेख कर रहीं उनकी फुआ जन्मी देवी (जिन्हें बच्चे ‘दैया’ कहकर बुलाते हैं) के अनुसार, बच्चों के माता-पिता—महेसर सादा और साहती देवी—दोनों का निधन बीमारी के कारण हो गया। जन्मी देवी ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले मां का देहांत हुआ और लगभग आठ महीने पहले पिता भी गुजर गए। माता-पिता के निधन के बाद से दोनों बच्चे अपनी फुआ के साथ बेहद जर्जर घर में रह रहे हैं, जिसकी दीवारों की ईंटें टूटकर बिखर रही हैं।
जन्मी देवी के अनुसार, उनके पति घर के एकमात्र कमाने वाले हैं और वे गाय पालकर किसी तरह परिवार का गुजारा करते हैं। आर्थिक तंगी और समुचित देखरेख के अभाव में बच्चों की नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है। बच्चों ने बातचीत में बताया कि वे स्कूल नहीं जाते, बल्कि बकरियां चराने जाते हैं। जन्मी देवी ने यह भी बताया कि इन बच्चों को न तो स्कूल की ओर से मिलने वाली पोशाक राशि मिल रही है और न ही बच्चों के नाम पर सरकार की तरफ से कोई मासिक राशन दिया जा रहा है।
समाजसेवी राजू सहनी ने बीडीओ से की मुलाकात, मिला मदद का आश्वासन
इन बच्चों की दुर्दशा की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। समाजसेवी राजू सहनी ने सोशल मीडिया पर मामले की पड़ताल कर अपनी स्थानीय टीम के जरिए भगवानपुर कमला पंचायत के वार्ड संख्या 12 में बच्चों की स्थिति का सत्यापन कराया। इसके बाद उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से मुलाकात कर पूरे मामले को उनके संज्ञान में लाया।
मुलाकात के दौरान बीडीओ ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों (मुखिया व सरपंच) की सहमति से तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए तीन प्रमुख विकल्प रखे गए हैं:
- आर्थिक सहायता: दोनों बच्चों का बैंक खाता खुलवाकर उन्हें 18 वर्ष की आयु तक सरकारी भत्ते के रूप में प्रति माह एक-एक हजार रुपये की सहायता राशि दिलाई जाएगी।
- राशन सुविधा: सरकारी राशन कार्ड में उनके माता-पिता के नाम की जांच कर बच्चों के नाम जुड़वाए जाएंगे, ताकि उन्हें नियमित राशन भत्ता मिलना शुरू हो सके।
- शिक्षा और आश्रय: बच्चों के बेहतर भविष्य और पढ़ाई के लिए यदि परिवार और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि सहमत हों, तो उन्हें अनाथालय में दाखिल कराने का विकल्प भी रखा गया है।
बच्चों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करने के बाद राजू सहनी ने बताया कि परिवार और स्थानीय मुखिया-सरपंच से विचार-विमर्श कर जो भी उचित निर्णय लिया जाएगा, उसके आधार पर बच्चों को त्वरित सरकारी सेवाएं और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे पढ़-लिखकर आगे बढ़ सकें।




