समस्तीपुर में गैस एजेंसी की दबंगई: सिलेंडर की जानकारी लेने गए बुजुर्ग को कमरे में बंधक बनाकर पीटा, अस्पताल में भर्ती
समस्तीपुर: शहर के बहादुरपुर स्थित बुद्ध गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर की स्थिति जानने पहुंचे एक बुजुर्ग ग्राहक के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एजेंसी के संचालक और कर्मियों ने बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई की और उन्हें कार्यालय में ही बंधक बना लिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजनों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग की पहचान शहर के बहादुरपुर मोहल्ला निवासी विमल प्रसाद गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के संबंध में पीड़ित के बेटे और पेशे से अधिवक्ता विवेक कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके गैस कनेक्शन का डीआईसी (DIC) नंबर आ चुका था, इसके बावजूद एजेंसी द्वारा उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था।
इसी समस्या के समाधान के लिए उनके पिता बुधवार को पहले गैस गोदाम गए थे। वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें सिलेंडर देने से मना कर दिया और बाईपास रोड स्थित मुख्य कार्यालय जाकर स्थिति की जानकारी लेने को कहा।
कार्यालय में संचालक व कर्मियों ने की मारपीट
बेटे विवेक का आरोप है कि जब उनके पिता पर्ची लेकर बाईपास रोड स्थित गैस एजेंसी के कार्यालय पहुंचे, तो वहां के मालिक अजय मंडल और अन्य कर्मचारियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। बात बढ़ने पर सभी ने मिलकर बुजुर्ग के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें कार्यालय के ही एक कमरे में बंद कर दिया।
जब इस घटना की भनक परिजनों और स्थानीय लोगों को लगी, तो वे फौरन मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को वहां से निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस की डायल-112 टीम को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे 112 नंबर टीम के जमादार भोला सिंह ने बताया, “बुद्ध गैस एजेंसी के कार्यालय पर एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की सूचना मिली थी, जिसके बाद हम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल उनकी स्थिति बयान देने लायक नहीं है। उनका स्वास्थ्य स्थिर होने और बयान दर्ज करने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी में है। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्राहकों में गैस एजेंसी के रवैये को लेकर काफी रोष है।



