समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव: गिट्टी-बालू व्यवसायी को सरेआम मारी गोली, हालत नाजुक
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र की है, जहां सोमवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक बालू-गिट्टी व्यवसायी को सरेआम गोली मार दी। इस अचानक हुई फायरिंग से पूरी गिट्टी मंडी और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आनन-फानन में घायल व्यवसायी को समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को अत्यंत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (पटना) रेफर कर दिया है।
घायल व्यवसायी की पहचान कर्पूरीग्राम के वार्ड संख्या 7 निवासी स्वर्गीय धीरेंद्र प्रसाद सिंह के 40 वर्षीय पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम सोनू सिंह कर्पूरीग्राम रेलवे स्टेशन के समीप स्थित गिट्टी मंडी परिसर में अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठकर ताश खेल रहे थे।
इसी बीच एक अज्ञात हथियारबंद बदमाश पीछे से दबे पांव वहां पहुंचा और बिना कुछ कहे सोनू सिंह की पीठ पर गोली दाग दी। गोली लगते ही सोनू जमीन पर गिर पड़े, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद खून से लथपथ सोनू सिंह को उनके दोस्तों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सरेआम गोलीबारी की इस दुस्साहसिक वारदात की खबर मिलते ही समस्तीपुर के ASP संजय कुमार पांडेय भारी पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने मौके पर मौजूद चश्मदीदों और सोनू के दोस्तों से पूछताछ की है।
फिलहाल, इस जानलेवा हमले के पीछे के असली कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है कि यह घटना किसी पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या रंगदारी मांगने को लेकर हुई है। एएसपी संजय पांडेय ने बताया कि पुलिस गिट्टी मंडी और रेलवे स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए उनके सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया है।



