समस्तीपुर में महागठबंधन का जोरदार प्रदर्शन: पीएम मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला, CEC के इस्तीफे की मांग
समस्तीपुर: राज्यव्यापी आह्वान के तहत बुधवार को समस्तीपुर में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रखंड मुख्यालय के जितवारपुर चांदनी चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, माकपा अंचल मंत्री उपेन्द्र राय और राजद प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने एक स्वर में CEC के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार निष्पक्ष नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके क्रियाकलापों से देश में लोकतंत्र सुरक्षित नहीं है और चुनाव आयोग जैसी सर्वोच्च संवैधानिक संस्था पूरी तरह से केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है।
चुनाव आयोग के साथ-साथ वक्ताओं ने केंद्र की एनडीए सरकार को भी आड़े हाथों लिया। नेताओं ने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से विफल साबित हुई है। देश में बेरोजगारी, बेतहाशा महंगाई और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। पूरे देश में अराजकता का माहौल है और सरकार जनता की समस्याओं को सुलझाने में नाकाम रही है।
राजद जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन में महागठबंधन के घटक दलों (राजद, कांग्रेस, माकपा, माले आदि) के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
मौके पर मुख्य रूप से समस्तीपुर जिला सहकारिता बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार राय, राजद नगर अध्यक्ष उमेश प्रसाद यादव, जिला राजद उपाध्यक्ष रामविनोद पासवान, माकपा नेता तिलक सहनी, संगीता राय, पूर्व जिला पार्षद संजीव कुमार राय, युवा राजद जिलाध्यक्ष पप्पू यादव, राजद अल्पसंख्यक सेल के जिलाध्यक्ष मो. फैयाज़, माले नेता अनिल चौधरी, कांग्रेस नेता राजन वर्मा, दीपक यदुवंशी, IIP के अरविन्द कुमार सहित दर्जनों वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।



