समस्तीपुर में पुलिस की सघन चेकिंग के बीच बेखौफ अपराधी: रोसड़ा में ग्राहक बनकर आए बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटे 3 लाख मूल्य के आभूषण
समस्तीपुर जिले में आगामी त्योहारों और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले के सभी चेकपोस्टों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसका जायजा लेने खुद एसपी अरविंद प्रताप सिंह सड़क पर उतरे। लेकिन पुलिस की इस मुस्तैदी के बीच, रोसड़ा थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है।

ग्राहक बनकर आए और झपट लिया आभूषणों का डब्बा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब 4 बजे रोसड़ा थाना क्षेत्र के एरौत मुसहरी चौक स्थित ‘सुमन ज्वेलर्स’ में दो बाइक सवार अपराधी पहुंचे। कटहरबन्नी मोहल्ला निवासी और दुकान के संचालक राम नारायण ठाकुर पिछले दो वर्षों से यह दुकान चला रहे हैं। दोनों युवक ग्राहक बनकर दुकान में आए और आभूषण दिखाने को कहा।
जैसे ही दुकानदार ने उन्हें दिखाने के लिए सोने के आभूषणों का डब्बा निकाला, अपराधियों ने अचानक हथियार निकाल लिया। हथियार का भय दिखाकर बदमाशों ने आभूषणों से भरा डब्बा झपटा और अपनी पल्सर जैसी दिखने वाली बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
लूटे गए करीब 20 ग्राम सोने के आभूषण
इस दुस्साहसिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल डायल 112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। रोसड़ा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अपराधी ग्राहक बनकर आए थे। लूटे गए डब्बे में 4 से 5 सोने के हनुमानी (लॉकेट) और एक जोड़ी कान के आभूषण थे, जिनका कुल वजन करीब 20 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित किमत करीब 3 लाख रुपया बताया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि दुकान के अंदर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ था, जिसका फायदा अपराधियों ने उठाया। हालांकि, पुलिस अब आसपास के इलाकों और चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के आने और भागने के रूट की पहचान की जा सके।
एक तरफ एसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में जिले भर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह की घटना होना इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस का दावा है कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही इन अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



