तेज रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन भाई-बहनों को रौंदा, करीब 1 किलोमीटर तक घिसटने से युवती की दर्दनाक मौत
उजियारपुर थाना क्षेत्र के माधोडीह गांव के समीप सातनपुर-सरायरंजन मुख्य मार्ग पर शनिवार, 5 सितंबर की शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक पर सवार तीन भाई-बहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवती की मौत हो गई है, जबकि उसका भाई और एक अन्य बहन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, तीनों भाई-बहन उजियारपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव से एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर मोहिउद्दीननगर लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे जब वे माधोडीह गांव के पास पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही तीनों भाई-बहन सड़क पर जा गिरे।
लगभग 1 किलोमीटर तक घिसटती रही युवती
हादसा इतना भयानक था कि सड़क पर गिरने के बाद एक युवती स्कॉर्पियो के नीचे फंस गई और वाहन के साथ करीब 1 किलोमीटर तक घिसटती चली गई। सरायरंजन थाना क्षेत्र के करिहारा गांव के पास युवती का क्षत-विक्षत शव वाहन से अलग होकर सड़क पर गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
वही स्थानीय लोगों के द्वारा बताया जा रहा है की गाड़ी में बिहार सरकार लिखा हुआ था और चालक गाड़ी बहुत ही बुरी तरह से चला रहा था। लोगों का कहना है की इसको हम दुर्घटना नहीं कह सकते है देख कर ऐसा प्रतीत हो रहा है की यह कोई सोची समझी योजना के तहत हत्या करवाई गई है।
पुलिस कार्रवाई और राहत कार्य
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही उजियारपुर थाने की डायल-112 टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायल भाई-बहन को तुरंत इलाज के लिए सातनपुर स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया।
चूंकि घटना का दूसरा हिस्सा सरायरंजन थाना क्षेत्र के करिहारा गांव में हुआ, इसलिए सरायरंजन पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक युवती के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार स्कॉर्पियो व उसके चालक की सरगर्मी से तलाश में जुटी है।



