समस्तीपुर: खुली खिड़की से घर में सो रहे युवक को मारी 5 गोली, पुरानी रंजिश में गई जान
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मोरवा डीह गांव में बेखौफ अपराधियों ने घर में सो रहे एक युवक की खिड़की से ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक को पांच गोलियां लगी हैं। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

खुली खिड़की से दिया वारदात को अंजाम
मृतक की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मोरवा उत्तरी पंचायत स्थित मोरवा डीह (वार्ड संख्या-11) निवासी प्रमोद झा के पुत्र मोनू झा उर्फ सुजीत कुमार के रूप में हुई है। सुजीत को इलाके में लोग ‘मास्टर’ के नाम से भी जानते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात सुजीत अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हथियारबंद बदमाश उसके घर के पास पहुंचे। घर की एक खिड़की खुली हुई थी, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने बाहर से ही अंदर सो रहे सुजीत पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग इतनी तेज थी कि उसके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में पांच गोलियां जा धंसीं और वह लहूलुहान होकर बिस्तर पर ही गिर पड़ा।
अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम
रात के सन्नाटे में गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़े। खून से लथपथ सुजीत को आनन-फानन में समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मंटुन झा और उनके बेटों पर हत्या का आरोप
हत्या की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके से कई साक्ष्य एकत्र किए हैं। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए गांव के ही मंटुन झा और उनके दोनों बेटों पर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
मृतक का रहा है आपराधिक इतिहास: एसडीपीओ
पोस्टमार्टम के दौरान सदर एसडीपीओ-1 (SDPO) संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि पुलिस हर एंगल से इस हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतक सुजीत कुमार (मोनू झा) के खिलाफ पूर्व से ही कई आपराधिक मामले दर्ज थे, इसलिए पुलिस आपसी रंजिश के साथ-साथ गैंगवार या अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जल्द ही इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
फिलहाल हत्या के बाद मोरवा डीह गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



