समस्तीपुर: पुजारी की गोली मारकर ह,त्या, मुआवजे की मांग को लेकर 2 घंटे तक NH-28 जाम; 24 घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन पर शांत हुए लोग
बिहार के समस्तीपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर पंचायत स्थित अकलू चौक के निकट गुरुवार शाम बेखौफ बदमाशों ने एक युवक (पुजारी) की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

फोन कर बुलाया, फिर घात लगाकर किया हमला
मृतक की पहचान बाघी पंचायत के चकहबीब गांव (वार्ड संख्या-12) निवासी कमल कुमोद उर्फ सोनू सिंह (करीब 25-30 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार शाम सोनू अपने घर पर ही थे। इसी बीच उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके बाद वे मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के राम टोला पहुंचे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही सोनू वहां पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोनू को तीन गोलियां लगीं और खून से लथपथ होकर मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
पिता की जगह संभालते थे ठाकुरबाड़ी का जिम्मा
जानकारी के अनुसार, सोनू के पिता कमल सिंह विभूतिपुर प्रखंड के केराय गांव स्थित ठाकुरबाड़ी में महंत हैं। उनका स्वास्थ्य अक्सर खराब रहता था, जिसके कारण ठाकुरबाड़ी में पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों का पूरा जिम्मा पिछले कुछ समय से सोनू ही संभाल रहे थे।
मुआवजे की मांग, 2 घंटे तक बाधित रहा यातायात
पुजारी की हत्या से भड़के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अकलू चौक के पास एनएच-28 को पूरी तरह जाम कर दिया। उग्र ग्रामीणों की मांग थी कि वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर आएं और उनसे बात करें। हाईवे जाम होने के कारण करीब दो घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
24 घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन पर हटा जाम
घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस भी मौके पर बुला ली गई। इसके बाद सदर एसडीपीओ सतीश सुमन घटनास्थल पर पहुंचे।
एसडीपीओ ने मृतक के परिजनों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन दिया। पुलिस पदाधिकारी के इस आश्वासन के बाद जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ और सड़क जाम समाप्त किया गया। जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल (समस्तीपुर) भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।




