समस्तीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: नशे में धुत टोटो चालक ने 5 वर्षीय मासूम को कुचला, मौत; आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
उजियारपुर (समस्तीपुर): समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। घटना बेलारी वार्ड संख्या 08 के समीप की है, जहां नशे में धुत एक टोटो चालक ने बच्ची को बेरहमी से कुचल दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मुख्य मार्ग को घंटों तक जाम रखा।

दोपहर 1 बजे घटी घटना, चकमा देकर भागा आरोपी चालक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलारी वार्ड संख्या 08 के निवासी दीपक साह की पांच वर्षीय पुत्री साक्षी कुमारी दोपहर करीब 1 बजे बेलारी स्टेट बोरिंग के पास समस्तीपुर-उजियारपुर मार्ग पर जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार टोटो, जिसे एक नशेड़ी चालक चला रहा था, ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। जिसके बाद आनन फानन में परिजनों ने एक स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन इसी क्रम में बच्ची की मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नशे में धुत टोटो चालक को पकड़ लिया। हालांकि, घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी चालक मौका देखकर वहां से फरार होने में कामयाब रहा।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
मासूम की मौत की खबर फैलते ही इलाके में मातम और आक्रोश छा गया। गुस्साए ग्रामीणों ने बांस-बल्ले लगाकर बेलारी-उजियारपुर मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने की वजह से इस मार्ग पर घंटों तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रशासनिक कार्रवाई और आश्वासन
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही उजियारपुर थानाध्यक्ष अजित कुमार और अंचलाधिकारी (CO) अभिषेक आनंद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने सबसे पहले स्थिति का मुआयना किया और मृतका के परिजनों का बयान दर्ज किया। इसके पश्चात कागजी कार्रवाई पूरी कर बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने और फरार आरोपित चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया, जिसके बाद आवाजाही फिर से सुचारू हो सकी। पुलिस अब फरार टोटो चालक की तलाश में जुट गई है।



