वैशाली भानू हत्याकांड: महीनों से फरार चल रहे लोजपा नेता सह सिनेमा कारोबारी अंटू ईश्वर को STF ने किया गिरफ्तार
समस्तीपुर/वैशाली: वैशाली जिले के गंगा ब्रिज के पास लावारिस कार से मिले जहानाबाद के भानू के शव मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसटीएफ (STF) और समस्तीपुर की स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर शाम नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित आवास पर सघन छापेमारी कर सिनेमा कारोबारी और लोजपा (LJP) नेता रोहित ईश्वर उर्फ अंटू को गिरफ्तार कर लिया है।

बाहर से ताला लगाकर अंदर छिपा था कारोबारी
सिनेमा कारोबारी की गिरफ्तारी बेहद नाटकीय ढंग से हुई। एसटीएफ और नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम पांच गाड़ियों से मंगलवार देर शाम अंटू के बहादुरपुर स्थित घर पहुंची। पुलिस को गुमराह करने के लिए घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था, लेकिन पुलिस को पुख्ता सूचना थी कि कारोबारी घर के अंदर ही मौजूद है। इसके बाद टीम ने घर की चारों तरफ से घेराबंदी कर ली और अंदर प्रवेश किया। करीब दो घंटे तक चली कड़ी मशक्कत और सघन तलाशी के बाद पुलिस ने अंदर छिपे अंटू को खोज निकाला और गाड़ी में बिठाकर अपने साथ ले गई।
डीएसपी दुर्गेश दीपक ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया है कि वैशाली से जुड़े एक हत्या के मामले में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह गिरफ्तारी की है। बता दें कि पुलिस की टीम पिछले कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी और एक सप्ताह पहले भी छापेमारी की गई थी, लेकिन तब वह पुलिस के हाथ नहीं लगा था।
क्या है पूरी इनसाइड स्टोरी?
यह पूरा मामला 17 और 18 फरवरी (2026) की घटना से जुड़ा है। जहानाबाद का रहने वाला भानू 17 फरवरी की देर शाम सिनेमा हॉल संचालक (अंटू) पर जानलेवा हमला करने पहुंचा था। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई। अपराधियों की गोली से अंटू का सहयोगी शुभम सिंह जख्मी हो गया था, जबकि किसी तरह सिनेमा संचालक की जान बच गई थी।
इसी क्रॉस फायरिंग में हमलावर भानू को भी गोली लग गई थी। इलाज न मिल पाने के कारण भानू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद उसके साथी 18 फरवरी को उसका शव वैशाली में गंगा ब्रिज के पास एक कार में छोड़कर फरार हो गए थे। छानबीन में पुलिस ने भानू की शिनाख्त की और 17 फरवरी को हुई गोलीबारी से इसके तार जुड़े।
इस मामले में भानू के एक अन्य साथी अभिषेक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब भानू हत्याकांड मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े रोहित ईश्वर उर्फ अंटू से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



