मोहिउद्दीननगर में खूनी खेल: गंगा किनारे बकरी चरा रहे अधेड़ की धारदार हथियार से निर्मम हत्या, आरोपी हिरासत में
मोहिउद्दीननगर: मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के पतासिया पंचायत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार को गंगा किनारे बकरी चरा रहे एक अधेड़ व्यक्ति पर गांव के ही एक विक्षिप्त (सनकी) युवक ने धारदार हथियार (कत्ता) से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बुरी तरह घायल अधेड़ की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के घटहा टोल निवासी दामोदर शर्मा के रूप में की गई है।

गर्दन पर किए गए गहरे वार, कट गई सांस की नली
घटना के संबंध में मृतक के भतीजे अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार को उनके चाचा दामोदर शर्मा गंगा के कछार में अपनी बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही रंजीत नामक एक सनकी युवक ने अचानक उन पर कत्ता से हमला बोल दिया। आरोपी ने उनके गर्दन समेत शरीर के तीन अलग-अलग हिस्सों पर गहरे वार किए। इस जानलेवा हमले में उनकी सांस की नली भी कट गई और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
पीएमसीएच ले जाने की चल रही थी तैयारी, टूट गई सांसें
हमले के बाद हुए शोर-शराबे को सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल दामोदर शर्मा को आनन-फानन में मोहिउद्दीननगर पीएचसी (PHC) लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। स
दर अस्पताल में हालत और बिगड़ने पर उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर करने की कागजी प्रक्रिया चल ही रही थी कि उन्होंने दम तोड़ दिया।
गांव में तनाव का माहौल, पुलिस कर रही है कैंप
दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनकी रंजीत को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति की नजाकत को देखते हुए गांव में पुलिस बल कैंप कर रही है और हर स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।



